20 दिन में दूसरा दौरा, नशे के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेर रही भाजपा
चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर आएंगे। भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के मुताबिक, शाह मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलेंगे। इसके बाद गुरदासपुर के माड़ी पन्नवां गांव में गोली मारकर हत्या किए गए विक्रमजीत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को मानसा में झोटा और 15 अक्टूबर को माड़ी पन्नवां में विक्रमजीत सिंह की हत्या हुई थी। इससे पहले शाह 30 सितंबर को जालंधर आए थे और भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह में शामिल हुए थे।
उन्होंने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए भगवंत मान सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। मुख्यमंत्री मान ने भी पलटवार करते हुए भाजपा पर निशाना साधा था।














