आधी रात पुलिस की वर्दी में पहुंचे बदमाश, दो घरों में मचाया आतंक! नकदी और जेवरात लेकर फरार

लुधियाना, रोजाना भास्कर न्यूज: जगराओं में सनसनीखेज वारदात: सोमवार देर रात पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोगों ने रानी वाला खूह इलाके में दो घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दरवाजा खुलवाया और फिर घर में घुसते ही धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और डराने-धमकाने की हरकतें शुरू कर दीं।

एक पीड़िता के अनुसार आरोपी तलाशी के बहाने घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये ले गए, जबकि दूसरे घर से नकदी के साथ कीमती आभूषण भी चोरी कर लिए गए। पीड़ितों का दावा है कि वर्दीधारी लोग नशे की हालत में थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

उधर थाना सिटी पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले वास्तव में पुलिसकर्मी थे या पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर रहे बदमाश। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।