कांग्रेस का दावा- अरविंद CM बनना चाहते हैं लुधियाना वेस्ट से चुनाव लडेंगे; आप के 30 विधायक हमारे संपर्क में, कंग बोले- खुद के संभल नहीं रहे और हमारी बात कर रहे
नई दिल्ली/चंडीगढ़ (रोजाना भास्कर): दिल्ली चुनाव का फीडबैक और नई रणनीति बनाने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को कपूरथला हाउस दिल्ली में पंजाब के सभी विधायकों और मंत्रियों की मीटिंग बुलाई है। विधायक मीटिंग के लिए पहुंचने लगे हैं। भगवंत मान चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। कपूरथला भवन के गेट पर विधायकों की लिस्ट भेजी गई है। चेकिंग के बाद ही अंदर विधायकों को एंट्री दी जा रही है।
AAP सूत्रों के मुताबिक पार्टी विधायकों की पावर बढ़ा सकती है। विधायक नाराज थे कि उन्हें पूरी शक्तियां नहीं दी गई हैं।
साथ ही विधायकों को दूसरे राजनीतिक दलों से संपर्क में होने की आंशका के चलते हाईकमान विधायकों को एकजुट रहने का संदेश दे सकता है।
हालांकि पंजाब के आप नेताओं ने इसे संगठन की रूटीन मीटिंग करार दिया है। आप प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि पार्टी की मर्जी है कि मीटिंग चंडीगढ़ में करें या फिर दिल्ली।
केजरीवाल की मीटिंग को लेकर पंजाब कांग्रेस की 4 अहम बातें..
कांग्रेस विधायक दल नेता प्रताप बाजवा ने कहा- अरविंद केजरीवाल पंजाब के CM बनेंगे। हाल ही में लुधियाना वेस्ट से AAP के MLA गुरप्रीत गोगी का निधन हुआ है। यह सीट खाली हो चुकी है। केजरीवाल वहां से उपचुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में हार के बाद AAP का पूरा बोझ पंजाब पर पड़ेगा। ऐसे में CM भगवंत मान और दिल्ली के नेताओं के बीच इंटरनल फाइट होगी।
ऐसे में कई विधायक AAP से बगावत कर सकते हैं। इनमें से 30 कांग्रेस के संपर्क में हैं।गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- पंजाब में AAP के 35 MLA दूसरी पार्टी जॉइन करने के लिए तैयार बैठे हैं। दिल्ली के नतीजों के बाद पंजाब में भी शराब पॉलिसी का घोटाला निकलेगा। ये वही पॉलिसी है, जिसमें केजरीवाल और मनीष सिसोदिया फंसे थे। इसी साल इन्होंने धान खरीद में MSP घोटाला किया।
पंजाब में मिडटर्म इलेक्शन यानी समय से पहले चुनाव हो सकते हैं। पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर बोले कि आप की दिल्ली वाली केंद्रीय लीडरशिप से पंजाब के विधायकों के अंदर आक्रोश है। इन्होंने पंजाब के संसाधनों व स्रोतों पर कब्जा कर रखा है। राज्यसभा में इन्होंने पंजाब से बाहर के लोगों को भेजा। इनके विधायक बीजेपी और कांग्रेस में कहीं भी जा सकते हैं।
पंजाब AAP के नेताओं ने मीटिंग पर क्या कहा
AAP के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि ये रूटीन मीटिंग है। पंजाब के विधायकों व मंत्रियों ने दिल्ली चुनाव में प्रचार किया था। ऐसे में पार्टी नेताओं से फीडबैक लेगी। आप सांसद मालविंदर कंग ने कहा-कांग्रेस के तो अपने विधायक उनसे दूर हैं, तो हमारे 30 कैसे संपर्क में होंगे। दिल्ली में संगठनात्मक मीटिंग है। केजरीवाल हमारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं। इस तरह की बैठकें किसी भी पार्टी की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा होती हैं।