खत्री महासभा पंजाब ने संदीप गगन को सौंपी जालंधर यूनिट की कमान

रमन नेहरा बोले—खत्री समाज की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर करेंगे प्रयास

फगवाड़ा रोज़ाना भास्कर(भव्य शर्मा): खत्री समाज को एकजुट करने और संगठन का विस्तार करने की दिशा में खत्री महासभा पंजाब ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महासभा की ओर से जालंधर यूनिट का गठन करते हुए संदीप गगन को प्रधान तथा देविंदर मल्होत्रा को सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां पंजाब प्रधान एडवोकेट विजय धीर मोगा के दिशा-निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव रमन नेहरा ने कीं।

संदीप गगन को नियुक्ति पत्र सौंपते खत्री महासभा पंजाब के महासचिव रमन नेहरा, स्वामी हितपारस जी महाराज, नंद सोनी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति।

नियुक्ति पत्र प्रदेश महासचिव रमन नेहरा, नंद सोनी और स्वामी हितपारस जी महाराज ने संयुक्त रूप से संदीप गगन एवं देविंदर मल्होत्रा को सौंपे। इस दौरान पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रधान और सचिव को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

समाज की समस्याओं को उचित मंच पर उठाएंगे : रमन नेहरा

रमन नेहरा ने कहा कि खत्री महासभा का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करना और समाज से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए प्रयास करना है।

उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संदीप गगन और देविंदर मल्होत्रा अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और लगन से निभाएंगे।

उन्होंने संदीप गगन को जालंधर यूनिट की पूरी टीम गठित करने के अधिकार भी सौंपे। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि संदीप गगन जल्द ही समाज के सक्रिय एवं समर्पित सदस्यों को साथ लेकर टीम का गठन करेंगे और पदाधिकारियों की सूची प्रदेश संगठन को भेजेंगे। इससे जालंधर में महासभा की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

समाजहित के कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता : संदीप गगन

नवनियुक्त प्रधान संदीप गगन ने खत्री महासभा पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। जालंधर में खत्री समाज के लोगों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करना और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी मुख्य जिम्मेदारी रहेगी।

इस अवसर पर रोहित जायसवाल, विक्रम शर्मा, राजन शारदा, विवेक मेहता, प्रदीप वर्मा, मनीष सहगल, साहिल वर्मा, राजीव सहगल, अर्जुन भट्ट, कृष्ण सूरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संदीप गगन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।