घाटी से बड़ी खबर: 2 लश्कर आतंकियों के घर में ब्लास्ट, सेना का त्राल-अनंतनाग में चल रहा था सर्च ऑपरेशन 

बांदीपोरा में सेना ने मार गिराया एक आतंकी, बैसरन घाटी में पर्यटकों को मारने आतंकियों की तलाश जारी

रोजाना भास्कर (पहलगाम/नई दिल्ली): कश्मीर में शुक्रवार को पहलगाम हमले से जुड़े लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादियों के घर ब्लास्ट में ढह गए। सेना के सूत्रों ने बताया कि त्राल में सुबह आसिफ शेख और अनंतनाग के बिजबेहरा में आदिल ठोकेर के घर सर्च ऑपेरशन चल रहा था।

ऑपरेशन के दौरान दोनों घरों में एक्सप्लोसिव मिले। जवान सेफ्टी के लिए पीछे हटे और इसी दौरान धमाका हो गया। धमाके में दोनों घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।

उधर, बांदीपोरा में चल रहे एनकाउंटर में एक आतंकवादी मारा गया है। 2 जवान भी घायल हैं। आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद यहां शुक्रवार सुबह से ही सर्चिंग चल रही थी।

पाकिस्तानी सेना ने भी शुक्रवार सुबह लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के कई इलाकों में फायरिंग की। भारतीय सेना ने तुरंत इसका जवाब दिया। बता दें कि पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल की दोपहर आतंकवादियों ने पर्यटकों पर फायरिंग की थी। हमले में 27 टूरिस्ट मारे गए थे। 10 से ज्यादा घायल हैं।