जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में 16 दिन के नवजात बच्चे के कथित सौदे का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मासूम बच्चा इस समय कहां है और किस हालत में है?
एक महिला ने अपने पूर्व पति पर चिट्टे की लत पूरी करने के लिए 5 लाख रुपये में नवजात बेटे को बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी गई है, जिसके बाद थाना रामामंडी पुलिस जांच में जुट गई है।

महिला के अनुसार, 21 मई को सिविल अस्पताल में बेटे का जन्म हुआ था। आरोप है कि 25 मई को टीकाकरण के बहाने एक युवती उसके कमरे में पहुंची और मौका मिलते ही नवजात को अपने साथ ले गई।
कुछ दिनों बाद एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने दावा किया कि बच्चा उसके पास है और पैसे लौटाकर उसे वापस ले जाया जा सकता है। वहीं, पूर्व पति की दूसरी पत्नी ने कथित तौर पर बच्चे की मौत और उसे दफनाने की बात कही।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसके पूर्व पति ने इंस्टाग्राम पर नोटों की गड्डियों की स्टोरी लगाई, नए सामान खरीदे और विरोध करने पर पिस्तौल दिखाकर धमकाया। मोहल्ले में पूछताछ के दौरान भी बच्चे को बेचने की चर्चाएं सामने आने का दावा किया गया, जिसके बाद परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
दूसरी ओर, आरोपी पूर्व पति शिवा ने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि उसने डिलीवरी में केवल मदद की थी। उसका दावा है कि बच्चा उसने नहीं, बल्कि महिला ने स्वयं बेचा है।
मामले को और भी उलझाने वाली बात यह है कि महिला, उसका पूर्व पति शिवा और मौजूदा पति मलविंदर एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे। 2010 में हुई पहली प्रेम विवाह, 2022 में तलाक और फिर दूसरे प्रेम विवाह के बाद अब नवजात के गायब होने का मामला कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नवजात बच्चे की तलाश सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।














