छठी बार सर्वसम्मति से एसजीपीसी के प्रधान चुने गए एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी

तेजा सिंह समुद्री हाल में हुए जनरल इजलास में सदस्यों ने जताया भरोसा, लगातार छठी बार मिली सेवा की जिम्मेदारी।

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के वार्षिक चुनाव में एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को लगातार छठी बार कमेटी का प्रधान चुना गया है। 20 नवंबर को एसजीपीसी मुख्यालय स्थित तेजा सिंह समुद्री हाल में आयोजित जनरल इजलास के दौरान उन्हें सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। इस तरह धामी ने लगातार छठी बार इस महत्वपूर्ण धार्मिक संस्था की जिम्मेदारी संभाली है।

एसजीपीसी के वार्षिक चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से पंथक हलकों में गतिविधियां चल रही थीं। प्रधान पद के लिए एडवोकेट धामी के अलावा बीबी जागीर कौर के नाम को लेकर भी चर्चा रही थी।

हालांकि चुनाव से एक दिन पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एसजीपीसी सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी राय जानी थी। बैठक में सदस्यों ने प्रधान और अन्य पदाधिकारियों के चयन का अधिकार सुखबीर सिंह बादल को सौंप दिया था।

शुक्रवार को दोपहर 12 बजे शुरू हुए जनरल इजलास में प्रधान सहित वरिष्ठ उपप्रधान, कनिष्ठ उपप्रधान, महासचिव और अंतरिम कमेटी के 11 सदस्यों का चयन किया गया।

गौरतलब है कि एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी वर्ष 2021 से एसजीपीसी के प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगातार पांच कार्यकाल पूरे करने के बाद अब छठी बार उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसजीपीसी सिख समुदाय की सबसे बड़ी धार्मिक प्रबंधन संस्थाओं में शामिल है। इसके अधीन श्री हरिमंदिर साहिब सहित पंजाब और अन्य राज्यों के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों का प्रबंधन, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल और धर्म प्रचार से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं।

इस बार के चुनाव के दौरान एसजीपीसी की लंबित आम चुनाव प्रक्रिया का मुद्दा भी चर्चा में रहा। संस्था के आम चुनाव वर्ष 2011 के बाद से नहीं हुए हैं। मौजूदा जनरल हाउस के सदस्य ही हर साल प्रधान और अन्य पदाधिकारियों का चयन करते आ रहे हैं।