जंडियाला मोड़ पर पुलिस नाके में आईडी मांगने पर यूट्यूबर ने तानी पिस्टल, एस आई पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जंडियाला मोड़ पर शुक्रवार देर रात नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर ने आईडी मांगे जाने के दौरान कथित तौर पर ऑस्ट्रिया मेड Glock-19 पिस्टल निकालकर फायरिंग की।

पुलिसकर्मी की मुस्तैदी से निशाना चूक गया और गोलियां सामने की दीवार में जा लगीं। पुलिस ने मौके से मनी शॉकर और उसके ड्राइवर दिलप्रीत सिंह को गिरफ्तार करने तथा पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और मौके से खोखे बरामद करने की जानकारी दी है।

दोनों के खिलाफ थाना सदर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत और आरोपियों के संभावित अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।