जालंधर किडनी रैकेट और ठगी केस: 21 फरवरी को बड़ा दिन, एक साथ सुनवाई—क्या होगी आरोपियों की गिरफ्तारी?

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): जालंधर के हाई-प्रोफाइल किडनी रैकेट और सर्वोदय अस्पताल में ठगी के मामलों में अब सुनवाई एक ही दिन तय कर दी गई है। दोनों मामलों में अगली तारीख 21 फरवरी है, जिससे नामजद मुख्य आरोपी डॉ. राजेश अग्रवाल और अन्य आरोपियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

किडनी रैकेट केस की पैरवी कर रहे वकीलों के मुताबिक, अदालत ने दोनों मामलों की एक साथ सुनवाई तय कर संकेत दिए हैं कि अब टालमटोल नहीं चलेगी। इस दिन किडनी कांड में आरोपियों की हाजिरी जरूरी है, वहीं सर्वोदय अस्पताल से जुड़े धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी की अर्जी पर भी सुनवाई होगी। ऐसे में पुलिस और आरोपियों—दोनों के लिए यह तारीख बेहद अहम मानी जा रही है।

पिछली सुनवाई में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस से पूछा था कि आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी न करने की ठोस वजह क्या है। साथ ही, किडनी कांड में DRME की रिपोर्ट से जुड़े महत्वपूर्ण गवाह की गवाही को लेकर भी कानूनी पेच सामने आए हैं, जिस पर अब सेशन कोर्ट में अपील की तैयारी है।

दूसरी ओर, सर्वोदय धोखाधड़ी मामले में अदालत के आदेश पर FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। देरी से नाराज शिकायतकर्ता ने गिरफ्तारी की मांग दोहराई है, जबकि पुलिस SIT के गठन का हवाला दे रही है। 21 फरवरी की सुनवाई से साफ होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या आरोपियों पर शिकंजा कसेगा।

#Jalandhar #KidneyRacket #SarvodayaHospital #CourtHearing #BreakingNews #PunjabNews #DrRajeshAggarwal #LegalUpdate