जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। अवतार नगर रोड स्थित डीआर स्टूडियो में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लकड़ी के काउंटर पर लगे स्विच में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और देखते ही देखते स्टूडियो के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही स्टूडियो में मौजूद कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बड़ा हादसा टला, किसी की जान नहीं गई
फायर ब्रिगेड अधिकारी अवनीश सहोता के अनुसार, सुबह करीब 10:50 बजे स्टूडियो में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव एवं आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन स्टूडियो में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया।

फिलहाल आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन स्टूडियो मालिक द्वारा किया जाएगा।














