जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे विभाग ने खुद को रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बताने वाले शातिर जालसाज जावेद अली को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पिछले करीब 6 महीने से फर्जी पहचान के सहारे रेलवे स्टाफ पर रौब जमाकर मुफ्त AC सफर और VIP ट्रीटमेंट का फायदा उठा रहा था।

जालंधर कैंट स्टेशन पर CMI ने जब आरोपी से आधिकारिक रेलवे आईडी मांगी तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद GRP और RPF ने उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी मुरादाबाद में इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों और कर्मचारियों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर धौंस जमाए तो उसकी पहचान जरूर जांचें और संदेह होने पर तुरंत RPF, GRP या स्टेशन मास्टर को सूचना दें।














