जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा डीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। दरअसल, कुछ दिन पहले संगरूर जिले के दिड़बा क्षेत्र में वित्त मंत्री हरपाल चीमा के सामने 50 वर्षीय गुलजार सिंह ने तुर बंजारा गांव में नशे का मुद्दा उठाया था। इस मामले के बाद पुलिस गुलजार के घर पहुंच गई और गुलजार ने सल्फाज खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। हालांकि तुर बंजारा गांव में ड्रग्स को लेकर उठे विवाद के बाद दिर्बा थाना पुलिस ने सरपंच समेत 5 लोगों के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज करके सभी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, कथित उत्पीड़न और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। लेकिन इस मामले को लेकर परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए कांग्रेस द्वारा आज डीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान सरकारी दफ्तर के कर्मियों द्वारा गेट बंद कर दिए और भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गेट फांदकर अंदर जाने की कोशिश करने लगे।

हालांकि पुलिस ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया। भारी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा आज इंसाफ की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। गेट पर कार्यकर्ताओं के चढ़ने की तस्वीरें भी सामने आई है। इस दौरान कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। वहीं गेट के दूसरी ओर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

हालांकि पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को आगे जाने की इजाजत नहीं दी गई। जिसके बाद शांतिमय ढंग से कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा इंसाफ की गुहार लगाते हुए प्रदर्शन किया जा रही है। भारी हंगामे के बाद विधायक सुखविंदर कोटली, लाडी शेरोवालिया और राजिंदर बेरी ने पुलिस को मांग पत्र सौंपा।
मामले की जानकारी देते हुए विधायक बावा हैनरी ने कहा कि केजरीवाल और अन्ना हजारे जब आंदोलन से निकले थे तो उन्होंने यूथ को सवाल करने का नारा दिया था। ऐसे में केजरीवाल की आप पार्टी की सरकार पंजाब में बनी हुई है और उनकी सरकार के दौरान व्यक्ति नशे को लेकर वित्त मंत्री से सवाल करता है। जिसके बाद व्यक्ति के साथ सरपंच, पंच और अन्य व्यक्तियों ने गलत व्यवहार किया। इस दौरान गुलजार सिंह नामक व्यक्ति ने जीवनलीला समाप्त कर ली।
विधायक का कहना हैकि उक्त परिवार को दबाया जा रहा है। जिसको लेकर कांग्रेस परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए पंजाब भर में प्रदर्शन कर रही है। विधायक ने कहाकि भले पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है। जिसके विरोध में आज कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की जा रही है।














