जालंधर में छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग की कोशिश नाकाम: युवती की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी, भीड़ ने की सरेआम पिटाई

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के बस्ती गुजा इलाके में देर रात एक युवती से छेड़छाड़ और चेन छीनने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक युवती अपने घर लौट रही थी, तभी एक्टिवा सवार एक युवक ने दिलबाग नगर का रास्ता पूछने के बहाने उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि कुछ ही पलों में उसने गलत हरकतें करनी शुरू कर दीं। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके गले में हाथ डालकर चेन छीनने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ती देख युवती ने घबराने के बजाय साहस दिखाया। उसने तुरंत शोर मचाया और अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने भी हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को थप्पड़ मारे और चप्पल से वार किया।

पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में युवक को एक्टिवा पर सवार होकर युवती से बातचीत करते और फिर जबरदस्ती करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। हंगामे की सूचना मिलते ही थाना नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। युवती और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, युवती की बहादुरी और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई।

#Jalandhar #WomenSafety #CrimeNews #MolestationAttempt #ChainSnatching #PunjabPolice #CCTVFootage #BreakingNews #BastiGuja