जालंधर में डॉक्टरों पर गंभीर आरोप: रसौली की मरीज को बताया किडनी रोगी, डायलिसिस के नाम पर 8 लाख ऐंठने का आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा)। पंजाब के जालंधर स्थित सर्वोदया अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। आरोप है कि रसौली की समस्या से पीड़ित एक महिला को किडनी रोगी बताकर उसका डायलिसिस शुरू कर दिया गया और इलाज के नाम पर करीब 8 लाख रुपये वसूल लिए गए। जब महिला ने अन्य अस्पतालों में जांच करवाई तो उसकी किडनी पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।

पीड़ित महिला शीतल के अनुसार वह वर्ष 2024 में ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसे रसौली और यूरिन रुकने की समस्या थी, लेकिन डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की बजाय उसे किडनी की गंभीर बीमारी बताकर डायलिसिस शुरू कर दिया और हाथ में फिस्टुला लगा दिया। बाद में दूसरे अस्पतालों में जांच कराने पर पता चला कि उसकी किडनी बिल्कुल ठीक है और डायलिसिस की कोई जरूरत नहीं थी।

महिला और उसके परिवार का आरोप है कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर करीब 8 लाख रुपये ले लिए और अब फिस्टुला लगने के कारण कई अस्पताल ऑपरेशन करने से भी मना कर रहे हैं।

मामले को लेकर परिवार ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया, वहीं एंटी क्राइम और एंटी करप्शन संगठन ने भी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार की लिखित शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में डॉक्टरों की लापरवाही या धोखाधड़ी सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#JalandharNews #MedicalNegligence #SarvodayaHospital #PunjabNews #HealthcareScam #DialysisFraud #BreakingNews #HospitalControversy #PunjabPolice #JusticeForPatient