जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के मेरिटन होटल के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार प्रशोत्तम लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय सफेद रंग की बोलेरो कार में युवतियां सवार थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार तेज रफ्तार में थी और रिक्शे को ओवरटेक करने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायल युवकों को जौहल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण प्रशोत्तम लाल ने देर रात दम तोड़ दिया।
एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि रात करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक युवती का लाइसेंस कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शिकायत मिलने पर मेडिकल व अन्य आरोपों की भी जांच की जाएगी।














