जालंधर में दिनदहाड़े लूट: महिला को बंधक बनाकर 1.08 लाख उड़ाए, CCTV से एक आरोपी गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर के Harnamdaspura इलाके में स्थित ‘वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल’ दुकान पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से 1.08 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना थाना नंबर 2 क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जहां वारदात के समय दुकान में एक महिला कर्मचारी अकेली मौजूद थी।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सबसे पहले काली शर्ट पहने एक युवक मुंह पर रुमाल बांधकर टिकट पूछने के बहाने अंदर दाखिल हुआ। कुछ देर बाद उसका दूसरा साथी मास्क लगाकर अंदर आया, जबकि तीसरा आरोपी एक्टिवा पर बाहर निगरानी करता रहा।

जैसे ही महिला फोन पर व्यस्त हुई, आरोपी ने पीछे से उसका मुंह दबोच लिया और साथी के साथ मिलकर तिजोरी से 1 लाख 8 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहर करीब 3:30 बजे रेकी करने भी आए थे और शाम 6:22 बजे लूट को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फुटेज खंगालकर वेस्ट हलके के रहने वाले गुरदीप नामक आरोपी को काबू कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले को लेकर जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस की संभावना है।

#Jalandhar #Harnamdaspura #LootCase #CrimeNews #CCTV #PoliceAction #PunjabNews #BreakingNews