जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। गढ़ा रोड फायरिंग मामले में वांछित आरोपी श्यामदास और जालंधर पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के दौरान उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि श्यामदास मूल रूप से दरभंगा (बिहार) का रहने वाला है और हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में उसने गढ़ा इलाके में हथियार छिपाने की बात कबूल की थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर उसने पुलिस को चकमा देते हुए छिपा हुआ हथियार निकाला और दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे काबू कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गढ़ा इलाके में दर्ज हत्या के प्रयास (धारा 307) के एक मामले में भी फरार था। पुलिस का दावा है कि उसका नेटवर्क बिहार से पंजाब तक फैला हुआ था और वह नशा तस्करी से भी जुड़ा हुआ है।
फिलहाल एफएसएल टीम मौके से सबूत जुटा रही है और आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उस पर पुलिस पर जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।














