जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। कमिश्नरेट जालंधर के थाना नंबर 2 में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने अचानक रेड कर दी। टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में तैनात एएसआई गोपाल को रंगे हाथों काबू कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 8,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि थाना नंबर 2 में तैनात एएसआई गोपाल एक व्यक्ति को केस में नामजद करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में विजिलेंस विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद अधिकारियों ने प्राथमिक जांच कर आरोपों की पुष्टि की और ट्रैप लगाने की योजना बनाई।
योजनाबद्ध तरीके से की गई कार्रवाई के तहत विजिलेंस टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोच लिया। रेड के दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। विजिलेंस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड थाना नंबर 2 से कब्जे में लिए जा रहे हैं ताकि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा सके।
सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














