जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में एक मां की सतर्कता और बहादुरी ने उसकी मासूम बच्ची को किडनैप होने से बचा लिया। नशे में धुत एक मजदूर ने बच्ची के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन मां ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी के हाथ-पैर बांधकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना लांबड़ा थाना क्षेत्र के नाला पुल इलाके की है। पीड़ित महिला अपनी बच्ची को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने हेतु ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से उसका पीछा कर रहा था। जैसे ही महिला ऑटो में बैठने लगी, आरोपी ने पीछे से बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल दिया ताकि वह शोर न मचा सके।
पकड़े जाने पर आरोपी खुद को बचाने के लिए कहने लगा कि वह बच्ची को टॉफी देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसकी हरकत समझ ली। हंगामा बढ़ने पर आरोपी भागने की कोशिश करता रहा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर बांध दिया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। महिला का आरोप है कि 100 और 112 नंबर पर कॉल करने के बावजूद पुलिस करीब सवा घंटे बाद पहुंची। इतना ही नहीं, आरोपी लोगों के सामने धमकी देता रहा कि वह जल्द ही बाहर आ जाएगा।
महिला ने यह भी कहा कि पुलिस आरोपी को साथ ले गई, लेकिन उनका बयान तक दर्ज नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














