जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में स्थित Hotel Meriton (होटल मेरिटन) से जुड़ा विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। होटल के पार्टनर यशपाल दूआ, गुलशन दूआ, उमेश दूआ, शिवी दूआ समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
केस दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष के फरार होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यशपाल दूआ ने सुबह 10 बजे प्रेस वार्ता रखी थी, लेकिन केस दर्ज होने की सूचना मिलते ही उसे रद्द कर दिया गया।
इससे पहले शुक्रवार देर शाम दूसरे पक्ष के डॉ. परमजीत मरवाहा ने प्रेस वार्ता कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी अकाल तख्त साहिब और विभिन्न सिख संगठनों को भी दी गई है।
डॉ. मरवाहा के अनुसार, होटल के कुल छह मालिक हैं, जिनमें उनका 36 प्रतिशत और एक अन्य साझेदार का 15 प्रतिशत हिस्सा है। 51 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ वे होटल के एमडी का कार्यभार संभाल रहे हैं।
उनका आरोप है कि 5 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले पार्टनर यशपाल दूआ अपनी शर्तें थोपना चाहते थे। विरोध करने पर कथित रूप से शराब के नशे में मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, पगड़ी उतारी गई और धर्म को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।














