जालंधर में AAP चेयरमैन की इनोवा बीकानेर स्वीट्स में घुसी, मालिक घायल

पहले KIA से टक्कर, फिर स्कूटी और दुकान की रेलिंग को मारी टक्कर; इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की झंडी उतारने का आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मॉडल टाउन में तेज रफ्तार इनोवा पहले KIA कार से टकराई और फिर बेकाबू होकर बीकानेर स्वीट्स में जा घुसी। इस दौरान दुकान के मालिक अक्खी सिंह इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनोवा ने दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी को भी टक्कर मारी और सीढ़ियों की रेलिंग से टकराकर रुकी।

बताया जा रहा है कि इनोवा का इस्तेमाल जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन लक्की रंधावा करते हैं। हादसे के समय वह गाड़ी में मौजूद नहीं थे और ड्राइवर वाहन चला रहा था। इनोवा पर “Government of Punjab” लिखा था और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की झंडी लगी थी। परिवार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद झंडी उतार दी गई।

वहीं, इनोवा चालक ने दावा किया कि दूसरी कार तेज रफ्तार में थी, जबकि KIA चालक ने आरोप लगाया कि इनोवा अचानक मोड़ी गई। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह और जिम्मेदारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।