जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा 14 वर्षीय भूमिका की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है और कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।

शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे जालंधर हाइट्स सोसाइटी के F-ब्लॉक के पास बच्ची गंभीर हालत में गिरी मिली। उसे तुरंत पिम्स मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, स्कूल ग्राउंड में भूमिका की टेनिस किट मिली, जिसमें से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में लिखा था—“मम्मा, मैं दो पेपर में फेल हूं।” परिवार का आरोप है कि यह नोट दबाव में लिखवाया गया हो सकता है।
उनका कहना है कि रिजल्ट से पहले बच्ची को फेल होने की जानकारी किसने दी? साथ ही, जो बच्ची स्कूटी चलाना नहीं जानती थी, वह 3-4 किलोमीटर दूर जालंधर हाइट्स कैसे पहुंची?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि 6वीं मंजिल से छलांग लगाने जैसी घटना किसी ने देखी क्यों नहीं? मोबाइल फोन भी टूटा नहीं मिला और शरीर पर केवल पैरों में दो गहरे घाव पाए गए, बाकी कोई गंभीर चोट के निशान नहीं थे।
घटना के बाद स्कूल के बाहर देर रात तक भारी हंगामा हुआ। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर जानकारी छुपाने और सीसीटीवी फुटेज न देने के आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों की मदद से पुलिस ने स्कूल का गेट खुलवाया। टेनिस कोर्ट के एंट्री रजिस्टर में भूमिका को “प्रेजेंट” दिखाया गया है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
भाजपा नेता अमित तनेजा ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इतने सुरक्षित इलाके से एक छात्रा का लापता होना और फिर संदिग्ध हालात में मौत मिलना गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
#Jalandhar #JalandharHeights #MysteryDeath #SchoolStudent #JusticeForBhumi #PunjabNews #CrimeInvestigation #BreakingNews












