जालंधर BSF ब्लास्ट केस में सनसनीखेज खुलासा, पाकिस्तानी हैंडलर ने भेजे थे ₹50 हजार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास हुए IED ब्लास्ट मामले में जांच के दौरान बड़े खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि इस साजिश के पीछे पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी मुख्य मास्टरमाइंड है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए आतंकी उमरदीन उर्फ मिट्ठू का ब्रेनवॉश किया और उसे धमाके के लिए तैयार किया।

पूछताछ में मिट्ठू ने खुलासा किया कि भट्टी ने उसे इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क में रखा और ब्लास्ट से पहले ₹50 हजार एडवांस भेजे। भट्टी ने उसे कहा था — “तुम ये काम आसानी से कर सकते हो, इसलिए इनाम पहले ही भेज दिया।” इसके बाद आरोपी को बम उपलब्ध करवाया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार मिट्ठू टैक्सी ड्राइवर का काम करता था। वह बम लेकर जालंधर पहुंचा और बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास टाइमर सेट कर IED रखकर फरार हो गया।

वारदात के बाद उसने इस्तेमाल की गई कार फगवाड़ा के पास छिपा दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी के पास से ₹40 हजार कैश भी मिला है।

पुलिस अब CCTV फुटेज, बैंक ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया कनेक्शन खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक शहजाद भट्टी अब गैंगस्टर से टेरर हैंडलर बन चुका है और ISI के लिए भारत में स्लीपर सेल तैयार करने का काम कर रहा है। मामले में कई राज्यों के करीब 500 युवकों से पूछताछ की गई है।