जिमखाना क्लब चुनाव: 3500 सदस्यों ने चुकाया बकाया, आज वोटिंग अधिकार बचाने का आखिरी मौका

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जिमखाना क्लब चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वोटिंग अधिकार सुरक्षित रखने के लिए क्लब के सदस्य अपना बकाया बिल जमा करवाने में जुटे हुए हैं। करीब 4500 सदस्यों में से 3500 सदस्य अपनी बकाया राशि क्लियर कर चुके हैं, जबकि लगभग 1000 सदस्यों का भुगतान अभी लंबित है।

क्लब के नियमों के अनुसार, 13 अगस्त तक पूरा बकाया जमा करवाने वाले सदस्यों के नाम ही अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। ऐसे में आज बकाया राशि जमा करवाने का अंतिम मौका है और लंबित भुगतान वाले सदस्यों के लिए यह दिन बेहद अहम माना जा रहा है।

वहीं, चुनावी मैदान में मुख्य ग्रुप अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दूसरी ओर, एग्जीक्यूटिव पदों के लिए बिना किसी आधिकारिक ग्रुप के कई नए चेहरे भी स्वतंत्र/निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इन उम्मीदवारों की एंट्री चुनावी समीकरण और वोट गणित पर असर डाल सकती है।