दिल्ली में CM भगवंत मान की बड़ी बैठक: नितिन गडकरी के साथ पंजाब के हाईवे, पुल और रुके प्रोजेक्ट्स पर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली/चंडीगढ़ रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात कर पंजाब के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम मुद्दों को उठाया। बैठक में राज्य के नेशनल हाईवे, अधूरी सड़क परियोजनाओं और लंबे समय से रुके पुलों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिरोजपुर-फाजिल्का रोड को चौड़ा करने और उसे नेशनल हाईवे का दर्जा देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए यह सड़क रणनीतिक और व्यापारिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इसके अपग्रेड होने से पंजाब की कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा।

बैठक के दौरान अमृतसर और बठिंडा में लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स में देरी के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा बठिंडा के मक्खू रेलवे ओवरब्रिज के रुके हुए निर्माण कार्य को लेकर भी चर्चा हुई। भगवंत मान ने इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की मांग की, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके और लोगों को राहत मिल सके।