‘नन्द के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ से गूंजा कथा पंडाल, धूमधाम से मनाया श्री कृष्ण जन्मोत्सव

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। साई दास स्कूल ग्राउंड, पटेल चौक में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस परम श्रद्धेय आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने भक्त और भगवान के अटूट संबंध की दिव्य महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्त के भाव, आस्था और पीड़ा को भली-भांति जानते हैं। इसलिए मनुष्य को अपने दुख संसार के सामने नहीं, बल्कि प्रभु के चरणों में समर्पित करने चाहिए।

भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति का प्रसंग सुनाया

आचार्य श्री ने भक्त प्रह्लाद और भगवान श्री नृसिंह का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि हिरण्यकशिपु द्वारा दी गई भयंकर यातनाओं के बावजूद प्रह्लाद की प्रभु के प्रति आस्था कभी नहीं डगमगाई।

भक्त के इसी अटूट विश्वास की रक्षा के लिए भगवान श्री नृसिंह खंभ से प्रकट हुए। उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्त की रक्षा के लिए किसी भी समय, किसी भी स्थान और किसी भी रूप में प्रकट हो सकते हैं।

आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं को निंदा और स्तुति से दूर रहकर प्रभु के चरित्रों का श्रवण एवं चिंतन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभु के चरणों का स्मरण जीव के पापों का नाश करता है और सच्चा भक्त वही है, जो प्रभु की प्रत्येक इच्छा और लीला को प्रसन्नता से स्वीकार करे।

श्री कृष्ण जन्म पर बधाइयों से झूमे श्रद्धालु

चतुर्थ दिवस का मुख्य आकर्षण श्री कृष्ण जन्म एवं नन्दोत्सव रहा। भगवान श्री कृष्ण के प्रकट होते ही कथा पंडाल “नन्द के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। गोपियों ने बधाई सामग्री अर्पित की, व्यासपीठ पर श्रीमद् भागवत जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और श्रद्धालुओं में बधाई का प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर यशपाल चौधरी, अभिषेक चौधरी, सुनील नय्यर, उमेश औहरी, संजय सहगल, चंदन वडेरा, ब्रिज मोहन चड्ढा, हेमंत थापर, भूपेंद्र सिंह, राजवंश मल्होत्रा, देवेंद्र अरोड़ा, रिंकू मल्होत्रा, अंकुश जुनेजा, सोनू चोपड़ा, सुमित गोयल,

संदीप कुमार, जितेंद्र कुमार, राजेश बिगमल, बलविंदर शर्मा, अरुण मल्होत्रा, देविंदर वर्मा, नरेंद्र वर्मा और राहुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।