नवरात्रों के शुभ अवसर पर मां राजराजेश्वरी कामाख्या देवी मंदिर में माता शैलपुत्री जी का प्रथम हवन संपन्न

पंडित पिंटू शर्मा जी ने विधि-विधान से करवाया पूजन, हवन के बाद लगाया गया लंगर

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। आज नवरात्रों के पावन अवसर पर कोट सदीक, धारीवाल पिंड स्थित मां राजराजेश्वरी कामाख्या देवी मंदिर में माता शैलपुत्री जी के प्रथम नवरात्र के उपलक्ष्य में हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर पंडित पिंटू शर्मा जी ने विधि-विधान के साथ नवग्रह पूजन एवं पांचों पंचायत देवताओं की पूजा-अर्चना करवाई। इसके उपरांत मंत्रोच्चारण के बीच हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां डालकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

हवन के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से भाग लेते हुए माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।