नशे की लत ने बनवाया बैंक लुटेरा! दिनदहाड़े 2 मिनट में ₹6.27 लाख की लूट, 6 घंटे में पुलिस ने सुलझाया केस; आरोपी गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। खुरला किंगरा के कुक्की ढाब रोड स्थित बैंक एन्क्लेव फेज-2 में सोमवार दोपहर 2:35 बजे सनसनीखेज बैंक लूट की वारदात सामने आई। ब्लैक एक्टिवा पर आए दो नकाबपोश युवकों ने Punjab National Bank की शाखा में घुसकर महज 2 मिनट में 6 लाख 27 हजार 700 रुपए लूट लिए और फरार हो गए। घटना के समय बैंक में 3 कर्मचारी और 3 ग्राहक मौजूद थे, जबकि कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था।

मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि लूट के 6 घंटे बाद वारदात को ट्रेस कर लिया था। पुलिस ने आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरीक सिंह निवासी ग्रीन मॉडल टाउन जालंधर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक रिवाल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक लुटेरे ने कैशियर पर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरे के हाथ में नुकीला हथियार था। डर के माहौल में कैश काउंटर पर रखा सारा पैसा लुटेरों को सौंप दिया गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। लुटेरे नंबर प्लेट पर टेप लगी एक्टिवा से फरार हुए।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे में केस ट्रेस कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी एक रिटायर्ड डीएसपी का बेटा है, जो नशे का आदी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले बैंक की रेकी की गई थी और दोपहर का समय इसलिए चुना गया, क्योंकि उस वक्त भीड़ कम रहती है।

घटना की खबर फैलते ही लॉकर धारकों में दहशत फैल गई। कई ग्राहक रोते हुए बैंक पहुंचे, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि केवल कैश लूटा गया है और लॉकर सुरक्षित हैं, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

यह घटना न सिर्फ बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति की भी गंभीर तस्वीर पेश करती है।