जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन में कई अहम नियुक्तियां की हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों की सहमति से जारी सूची में जालंधर के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई कार्यकारिणी में तेजिंदर सिंह बिट्टू और सुशील कुमार रिंकू को प्रदेश उपाध्यक्ष, शीतल अंगुराल को प्रदेश एससी मोर्चा का अध्यक्ष तथा राजेश बाघा को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। शीतल अंगुराल ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए संगठन और दलित समाज के हित में कार्य करेंगे।


राकेश राठौर पर फिर जताया भरोसा
भाजपा नेतृत्व ने जालंधर के पूर्व मेयर एवं वरिष्ठ नेता राकेश राठौर को एक बार फिर भाजपा पंजाब का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
उनकी नियुक्ति से जालंधर और दोआबा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। राठौर इससे पहले जालंधर के मेयर, तीन बार प्रदेश महामंत्री और दो बार प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राकेश राठौर का संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव पार्टी को आगामी संगठनात्मक अभियानों और चुनावी तैयारियों में नई मजबूती देगा।
राठौर की नियुक्ति पर पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी, पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सनी शर्मा, मनीष विज, अमित भाटिया सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।














