पंजाब में बारिश से मिली राहत, लेकिन लू का खतरा अभी बरकरार!

जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को शुक्रवार सुबह हल्की बारिश ने कुछ राहत दी। Ludhiana और Moga समेत कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि वीरवार को पूरे प्रदेश में गर्मी का कहर देखने को मिला और जालंधर, लुधियाना, पटियाला, हलवारा व बठिंडा लू की चपेट में रहे।

सबसे ज्यादा तापमान Faridkot में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि Patiala का पारा सामान्य से 4.8 डिग्री ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और फिरोजपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिलहाल मौसम बदला है, लेकिन शुक्रवार के बाद फिर से मौसम शुष्क होगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।