ईमेल में CM ऑफिस और BJP दफ्तरों को बम से उड़ाने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann और पंजाब बीजेपी प्रधान Sunil Jakhar को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें दोनों नेताओं को “सिखों का दुश्मन” बताया गया है।

धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि पंजाब CM ऑफिस में दोपहर 1:11 बजे धमाका किया जाएगा और हमला पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की तरह होगा। साथ ही पंजाब और दिल्ली स्थित बीजेपी कार्यालयों में रात 9:11 बजे बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है।

ईमेल में खालिस्तान का जिक्र करते हुए कई भड़काऊ बातें लिखी गई हैं। वहीं, सुनील जाखड़ को 6 जून तक मारने की धमकी भी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्टिव मोड में आ गई हैं। कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस साइबर ट्रेल और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हैं।














