पश्चिम एशिया तनाव का सीधा असर: नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की वृद्धि की है। राज्यों में वैट और स्थानीय करों के कारण वास्तविक बढ़ोतरी कुछ जगहों पर ₹5.30 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

सूत्रों के अनुसार, 28 फरवरी के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते इस महीने की शुरुआत में तेल की कीमतें 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, जो बाद में घटकर करीब 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गईं।

भारत अपनी लगभग 88% कच्चे तेल की जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है, जिससे वैश्विक हालात का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है।

नायरा एनर्जी देशभर में करीब 6,967 पेट्रोल पंप संचालित करती है। लगातार बढ़ती लागत और घाटे के दबाव के चलते कंपनी ने कीमतों में संशोधन का फैसला लिया है।

वहीं, जियो-बीपी ने अभी तक कीमतों में बदलाव नहीं किया है, जबकि सरकारी तेल कंपनियां अप्रैल 2022 से खुदरा दरों को स्थिर बनाए हुए हैं।

सरकार का कहना है कि पेट्रोल-डीजल डीरेगुलेटेड उत्पाद हैं और इनके दाम तय करने का अधिकार तेल कंपनियों के पास है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर आगे भी ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव संभव है।

चांदी ₹10 हजार बढ़कर ₹2.35 लाख पर पहुंची:10 ग्राम सोना ₹6 हजार महंगा होकर ₹1.46 लाख का हुआ

#FuelPriceHike #PetrolDiesel #OilPriceSurge #MiddleEastCrisis #NayaraEnergy #CrudeOil #IndiaEconomy