फगवाड़ा की SP के घर में चोरी! होमगार्ड महिला कर्मचारी पर गहने, नकदी और कैनेडियन डॉलर चुराने का आरोप

विश्वास बन गया शक की वजह, पुलिस ने दर्ज की FIR

फगवाड़ा, रोजाना भास्कर ब्यूरो: कपूरथला के फगवाड़ा में तैनात SP माधवी शर्मा के आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर घर में ड्यूटी कर रही होमगार्ड महिला कर्मचारी मनजीत कौर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

SP की माता संतोष कुमारी के अनुसार, अटैची से 20 हजार रुपए नकद, सोने की 4 चेन, 3 अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, 2 डायमंड पेंडेंट और 200 कैनेडियन डॉलर गायब मिले। लंबे समय से घर में तैनात होने के कारण महिला कर्मचारी पर परिवार को पूरा भरोसा था, लेकिन पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर उस पर संदेह जताया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।