फतेहगढ़ साहिब/अमलोह, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमलोह के गांव खनियान में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बंद कमरे में एयर कंडीशनर चलाकर सो रहे संयुक्त परिवार पर स्टोर में गेहूं में डाली गई जहरीली दवा कथित तौर पर काल बन गई।

इस हादसे में 13 दिन की नवजात हरकीरत और 4 वर्षीय मनराज सिंह की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।














