रोजाना भास्कर (जालंधर): शहर की मशहूर मिठाई दुकान बांसल स्वीट्स एक बार फिर विवादों के घेरे में है। नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण रोकने के आदेश के बावजूद दुकान ने गुपचुप तरीके से न सिर्फ निर्माण कार्य जारी रखा, बल्कि अब सरकारी जमीन पर लगे दशकों पुराने पेड़ों को भी काट डाला है।
जानकारी के अनुसार, ये पेड़ सार्वजनिक भूमि पर लगे थे और बांसल स्वीट्स की ओर से बिना किसी वैधानिक अनुमति के हटाए गए। स्थानीय लोगों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने इसे हरियाली के खिलाफ बड़ा अपराध करार दिया है।
उनका कहना है कि जब बल्टन पार्क में स्पोर्ट्स हब प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम को पेड़ काटने के लिए कोर्ट की इजाज़त लेनी पड़ी, तो फिर बांसल स्वीट्स को यह छूट किसने दी?
इस घटना ने नगर निगम की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि निगम बांसल स्वीट्स के दबाव में काम कर रहा है और जानबूझकर कार्रवाई से बच रहा है।
अब इस मामले को लेकर बांसल स्वीट्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यावसायिक संस्थान हरियाली और नियमों की इस तरह अनदेखी न कर सके।