मन्नत हॉस्पिटल में गर्भस्थ शिशु की मौत पर बवाल: परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही के लगाए गंभीर आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर के मन्नत हॉस्पिटल में गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर की कथित लापरवाही और इंजेक्शन लगाने के बाद गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। बाद में उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया।

पति के अनुसार उसकी पत्नी भावना करीब पांच माह की गर्भवती थी और शुरू से ही मन्नत हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था।

आरोप है कि चेकअप के दौरान इंजेक्शन लगाने के बाद महिला को घर भेज दिया गया, लेकिन घर पहुंचने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई और पूरी रात दर्द से परेशान रही। अगले दिन दोबारा अस्पताल पहुंचने पर स्कैन कराने के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि समय रहते उचित इलाज नहीं किया गया, जबकि अस्पताल की ओर से कहा गया कि महिला को खून का बहाव होने के कारण आवश्यक इंजेक्शन लगाया गया था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच अधिकारी के अनुसार मेडिकल रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।