राम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा मोड़: SIT जांच पूरी, कई लोग रडार पर, PMO तक पहुंची रिपोर्ट

लखनऊ, नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा राशि के कथित गबन और अनियमितताओं के मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) ने अपनी प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट जल्द शासन को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, जांच में केवल गणनाकर्मी ही नहीं बल्कि ट्रस्ट से जुड़े कई लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। एसआईटी ने टिन्नू यादव, लवकुश और अनुकल्प समेत कई लोगों से लंबी पूछताछ की है।

जांच के दौरान कुछ लोगों के पास से नकदी मिलने और जवाबों में विरोधाभास सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, पीएमओ को एक गोपनीय रिपोर्ट भी भेजी गई है, जिसमें कथित हेरफेर, लापरवाही और कुछ लोगों की संदिग्ध भूमिका का जिक्र किया गया है।

इधर, चढ़ावा गणना प्रक्रिया में लगे करीब 40 कर्मचारियों को हटाकर नए गणनाकर्मियों की नियुक्ति की गई है। मंदिर परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है और संबंधित अधिकारियों व ट्रस्ट पदाधिकारियों को फिलहाल अयोध्या न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

करीब 150 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी जा सकती है। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और आगे की जांच का रास्ता तय होगा।