तरनतारन / अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तरनतारन जिले में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह की चचेरे भाई की शादी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार को सिद्धू फार्म में शादी समारोह चल रहा था, जहां स्टेज पर डांस करते वक्त हमलावर भीड़ में घुस आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही सरपंच हरबिंदर सिंह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ डांस कर रहे थे, तभी एक युवक भीड़ से निकला और गोलियां चला दीं। हमलावरों ने हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान जब उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा किया तो आरोपियों ने उसके पेट में भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल जर्मनजीत को इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

AK-47 जैसे हथियार से फायरिंग, इलाके में दहशत
जानकारी के अनुसार, हमले में चार आरोपी शामिल थे, जिनमें से एक के पास AK-47 जैसा अत्याधुनिक हथियार बताया जा रहा है। गोलियों की आवाज से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मेहमान इधर-उधर भागने लगे। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
सरपंच हरबिंदर सिंह गांव ठट्टियां महंतां के सरपंच थे और उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 11 साल बताई जा रही है। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही SSP सुरिंदर लांबा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सरहाली थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस वारदात ने एक बार फिर पंजाब में सियासी हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
“पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं”—तरनतारन सरपंच हत्याकांड पर सियासी तूफान, कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला
तरनतारन। तरनतारन में AAP सरपंच हरपिंदर सिंह की शादी समारोह के दौरान हुई हत्या के बाद पंजाब की राजनीति में तीखी बयानबाज़ी शुरू हो गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने सीधे तौर पर AAPPunjab सरकार पर निशाना साधते हुए कहा—
“AAP सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं, यहां तक कि AAP के अपने नेता भी नहीं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और जवाबदेही नाम की कोई चीज़ नहीं बची। अब पंजाब को खामोशी नहीं, न्याय चाहिए।”
इस बीच शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह कलेर ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार का ‘ऑपरेशन प्रहार’ ज़मीनी हकीकत में “प्रहार नहीं, प्रचार” बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की टिप्पणियां भी सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
तरनतारन सरपंच हत्याकांड ने पंजाब में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। विपक्ष ने साफ कहा है कि जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
#TarnTaranMurder #PunjabLawAndOrder #AAPGovernment #PunjabPolitics #JusticeForPunjab #AAPSarpanch #AmarinderSingh #ShiromaniAkaliDal #OperationPrahar
#TarnTaranNews #AmritsarNews #AAPSarpanch #HarbinderSingh #PunjabCrime #WeddingFiring #PoliticalMurder #PunjabPolice #BreakingNews














