पूर्व मंत्री का सरकारी सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, नेताओं और नागरिकों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत (93 वर्ष) का आज सरकारी सम्मान के साथ मॉडल हाउस के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। यहां बुजुर्ग नेता को राजनीतिक नेताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा नम आँखों से अंतिम विदाई दी गई।

उनकी चिता को अग्नि उनके पुत्र अश्वनी कुमार भगत द्वारा दी गई, जबकि जालंधर पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर पेश कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान की ओर से डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह द्वारा स्वर्गीय चुनी लाल भगत की मृत देह पर फूल-मालाएँ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बागबानी एवं रक्षा सेवा विभाग द्वारा भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

स्वर्गीय चुनी लाल भगत का जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में हुआ था। उनके पिता महंगा राम और माता रुकमणी देवी थी। भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर में आ गया। परिवार ने खेलों से संबंधित निर्यात का कारोबार शुरू किया और आज यह परिवार इस क्षेत्र में खेल-सामग्री निर्यात करने वाले प्रसिद्ध परिवारों में से एक है।

अपने राजनीतिक सफर के दौरान स्वर्गीय चुनी लाल भगत अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वर्ष 2011 में पंजाब विधानसभा में डिप्टी स्पीकर चुने गए और वर्ष 2012 से 2017 तक उन्होंने कैबिनेट मंत्री के तौर प्रदेश की सेवा की। इस अवधि में उन्होंने स्थानीय निकाय, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान, श्रम तथा वन एवं वन्य जीव विभाग के कार्यभार संभाले।

उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार राज्य शोक के रूप में प्रदेश के सभी सरकारी संस्थानों में दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई थी।
अंतिम संस्कार पर सांसद राज कुमार चब्बेवाल, मेयर वनीत धीर, अजीत प्रकाशन समूह से बरजिंदर सिंह हमदर्द, मुख्य संपादक उत्तम हिंदू इरविन खन्ना, चेयरमैन पंजाब कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू, चेयरमैन जिला योजना समिति अमृतपाल सिंह, चेयरमैन मुस्लिम कल्याण बोर्ड अब्दुल बाहरी सलमानी, चेयरमैन पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड मंगल बस्सी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य इंदरवंश चड्ढा, वाइस चेयरमैन पंजाब गौ सेवा आयोग कीमती भगत, हलका इंचार्ज नितिन कोहली और राजविंदर कौर थियाड़ा के अलावा समाज के हर वर्ग से प्रख्यात हस्तियां मौजूद थी। स्वर्गीय चुनी लाल भगत अपने पीछे परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार पुत्रों और चार पुत्रियों में से एक पुत्र और एक पुत्री स्वर्गवासी हो चुके है।














