‘सीएमओ भ्रष्टाचारियों का अड्डा, भगवंत मान भ्रष्टाचारियों को बचा रहे’—अशोक सरीन हिक्की का सरकार पर बड़ा हमला

‘पंजाब सरकार और दिल्ली के धाड़वी पंजाबियों की आवाज नहीं दबा सकते’—विजय सांपला

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भाजपा जालंधर शहरी के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीएमओ कथित तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोगों को बचाने का केंद्र बन गया है और मुख्यमंत्री भगवंत मान ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहे हैं।

हिक्की ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुम्मण और सीएमओ से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब सरकार का इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी सरकार की ‘कट्टर ईमानदार’ छवि पर भी निशाना साधा।

भाजपा नेता ने दावा किया कि ईडी द्वारा पंजाब के डीजीपी को कई बार पत्र लिखे जाने के बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पारदर्शिता और ईमानदारी में विश्वास करती है तो उसे जांच का सामना करना चाहिए। हिक्की ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा जांच का विरोध किए जाने से कई सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार के कुछ मंत्रियों और विधायकों से जुड़े भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य गंभीर मामलों के विवादों का भी जिक्र किया। हिक्की ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरती रहेगी और जनता के सामने तथ्यों को रखने का काम करेगी।

जालंधर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के मानसा जिले के फत्ता मलूका गांव में प्रस्तावित ‘सत्थ समारोह’ से पहले किसानों, शिक्षकों और भाजपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई।

पार्टी कार्यालय से जारी बयान में सांपला ने कहा कि लोगों को हिरासत में लेकर पंजाबियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से लोगों से सीधे संवाद के लिए आयोजित ‘लोक मिलनी’ से पहले ही लोगों को अपनी बात रखने से रोकना उचित नहीं है। उनके अनुसार, मीडिया रिपोर्टों में विभिन्न स्थानों से शिक्षक और किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है।

सांपला ने दावा किया कि बरेटा में भाजपा नेता गगनदीप शर्मा को भी उनके घर से हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसान, शिक्षक या अन्य लोग मुख्यमंत्री के सामने अपने मुद्दे और सवाल रखना चाहते हैं तो उन्हें रोकने के बजाय संवाद का अवसर दिया जाना चाहिए।

भाजपा नेता ने शिक्षकों की मांगों, सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब देने के बजाय नेताओं को हिरासत में लेना उचित नहीं है।

सांपला ने किसान मोर्चे के दौरान किसानों की ट्रॉलियां चोरी किए जाने से जुड़े आरोपों का भी जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब सरकार को इस संबंध में जवाब देना होगा।