‘हम सोनम वांगचुक को जानते भी नहीं थे’— आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, ‘3 इडियट्स’ के रैंचो को लेकर दूर की सबसे बड़ी गलतफहमी

मुंबई, रोजाना भास्कर ब्यूरो। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आखिरकार शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने के मौके पर बातचीत के दौरान आमिर ने स्पष्ट कहा कि ‘3 इडियट्स’ की शूटिंग के समय न तो वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे।

उन्होंने कहा कि रैंचो का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित होने की बात एक गलतफहमी है। हालांकि, आमिर ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए बेहतरीन काम कर रहे हैं और उनका सम्मान किसी फिल्मी किरदार से जोड़कर नहीं किया जाना चाहिए।

आमिर खान ने सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी चिंता जताते हुए कहा कि उनकी सेहत और जिंदगी को लेकर सभी चिंतित हैं और उम्मीद करते हैं कि जल्द ही उनका अनशन समाप्त हो।

वहीं, फिल्म के लेखक अभिजात जोशी ने भी पहले खुलासा किया था कि रैंचो के किरदार की प्रेरणा एक ऐसे व्यक्ति की सच्ची घटना से मिली थी, जिसने 1975 में किसी दूसरे नाम से फिल्म इंस्टीट्यूट में दाखिला लेकर पढ़ाई पूरी की थी।

#AamirKhan #3Idiots #SonamWangchuk #Bollywood #EntertainmentNews