सिरसा. हरियाणा के सिरसा में आज सुबह छत पर खेलते वक्त हाइवोल्टेज तारों की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई वहीं दो लोग घायल हो गए। पुलिस व बिजली निगम के अनुसार प्रीत नगर की गली नंबर 11 में यह दुर्घटना सुच्चा सिंह के मकान की छत पर हुई व दुर्घटना में उनकी ढाई वर्षीय बेटी प्रिंसेस, पड़ोसी राजबीर के नौ वर्षीय बेटे सुखदीप की मौत हो गई। घायलों में सुच्चा सिंह व राजबीर की पुत्री राजमीत शामिल हैं।
जानकारी मुताबिक सुखदीप छत पर पड़ी लोहे की एक पाइप को उठाकर दूसरी तरफ करने का प्रयास कर रहा था जब पाइप लंबी होने के कारण घर से कुछ ही दूरी से गुजर रही हाइवोल्टेज तारों से टकरा गई। इससे सुखदीप बुरी तरह झुलस गया, प्रिंसेस ने सुखदीप के पैर पकडऩे का प्रयास किया तो उसे भी करंट लगा। राजमीत भी इन बच्चों को बचाने के प्रयास में झुलस गई। टकराकर दीवार पर टिक गई। जिससे दीवार में भी अर्थिंग होने से करंट आ गया और सुखदीप बुरी तरह झुलस गया।
शोर सुनकर सुच्चा सिंह भागते हुए छत पर आये और उन्होंने बच्चों को बचाने का प्रयास किया और वह भी घायल हो गये। आसपास के लोगों ने सभी को सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सुखदीप व प्रिंसेस को मृत घोषित कर दिया तथा राजमीत व सुच्चा सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।