अमीर बाप के बेटे का कहर! ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर ने छीनी दादी-पोती की जिंदगी, FIR दर्ज; अफसरों की भूमिका पर उठे सवाल

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के बस्ती इलाके में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें दादी और 10 वर्षीय पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान शीतल शर्मा और माही शर्मा के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि कार चालक नशे में था और टक्कर के बाद सड़क पर गिरी दोनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसा बस्ती पीरदाद रोड पर शेर सिंह कॉलोनी के पास हुआ, जब परिवार सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पहले ई-रिक्शा से टकराई और फिर खंभे से जा भिड़ी।

घटना के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, लेकिन देर रात तक मेडिकल न होने पर परिजनों ने बस्ती बावा खेल थाने के बाहर करीब 3 बजे हंगामा कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने थाने का गेट बंद कर अंदर से ताला लगा लिया। हालांकि एसएचओ ने इसे माहौल शांत रखने की कार्रवाई बताया।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या मेडिकल में देरी और हालात संभालने में लापरवाही को लेकर संबंधित ACP और SHO पर भी कार्रवाई होगी?

शहर में इस घटना को लेकर गुस्सा है और लोग सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

#JalandharAccident #FortunerCase #DadiPotiDeath #RoadRage #OverSpeeding #DrunkDrivingAllegation #FIRRegistered #CPDhanpreetKaur #PoliceAccountability #JusticeForVictims #PunjabNews #BreakingNews