सुसाइड से पहले वीडियो में मंत्री को ठहराया जिम्मेदार
अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब वेयरहाउस के मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार देर रात कथित तौर पर सल्फास निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रंधावा पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए जा रहे थे। इसी बीच उन्होंने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कैबिनेट मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।
वीडियो बनाने के तुरंत बाद उन्होंने सल्फास निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अमृतसर के ईएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं—रिश्वत आरोप, वीडियो संदेश और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद सांसद गुरजीत सिंह औजला अस्पताल पहुंचे और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप बेहद गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उधर, रंधावा द्वारा जारी वीडियो के आधार पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कैबिनेट मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
#Amritsar #PunjabNews #BreakingNews #CorruptionAllegations #WarehouseManager #PunjabPolitics #BhagwantMann #LalJeetSinghBhullar #Investigation #Justice














