कोलंबिया विमान हादसे में 66 की मौत, कई अभी भी लापता; राहत और बचाव कार्य जारी

बोगोटा/कोलंबिया, रोजाना भास्कर ब्यूरो। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को हुए भीषण विमान हादसे में 60 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। कई लोग अभी भी लापता हैं। हादसे का शिकार हुए विमान में 125 लोग सवार थे और टेक ऑफ के तुरंत बाद ही यह विमान क्रैश हो गया था।

कोलंबियाई सेना ने की मौतों की पुष्टि

कोलंबिया की सेना ने करीब 66 जवानों की मौत की पुष्टि की है। इससे पहले कोलंबिया के प्यूर्तो लेगीजामो शहर के मेयर ने विमान हादसे में 34 जवानों की मौत की बात कही थी। मीडिया रिपोर्ट्स में 20 से ज्यादा जवानों के लापता होने की बात कही गई है।

वायुसेना ने बताया कि हरक्यूलिस C-130 विमान में 121 लोग सवार थे, जिनमें 110 सैनिक और 11 क्रू सदस्य शामिल थे। यह विमान सोमवार को टेक-ऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने कोलंबिया के पुटुमायो स्थित प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही देर बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के चलते विमान में मौजूद विस्फोटक फटने से बचाव कार्य में हुई परेशानी

दुर्घटना का शिकार हुआ विमान अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस सी-130 परिवहन विमान था। दुर्घटना के चलते सैन्य परिवहन विमान में ले जाया जा रहा गोला-बारूद और विस्फोटक भी फट गए, जिससे हादसे में भारी नुकसान हुआ और बचाव कार्य भी मुश्किल हो गया।

हरक्यूलिस सी-130 विमान 1950 के दशक में बनाए गए थे और कोलंबिया ने 1960 के दशक के अंत में ये विमान खरीदे थे। वर्तमान में कोलंबियाई सैनिकों को लाने-ले जाने में इन विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है।