खन्ना में गुटका साहिब की बेअदबी से हड़कंप, CCTV में कैद वारदात; तीन बच्चे हिरासत में

खन्ना (आनंद नगर), रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के आनंद नगर इलाके में आज गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें तीन बच्चों को गुटका साहिब के अंग फाड़कर सड़क पर फेंकते हुए देखा गया। जैसे ही घटना का पता चला, भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और इलाके में रोष का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही डीएसपी समराला तरलोचन सिंह और डीएसपी खन्ना विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने बेअदबी करने वाले तीन बच्चों को हिरासत में ले लिया था। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस बीच, एसजीपीसी की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और गुटका साहिब के अंगों को सम्मानपूर्वक संभाल लिया। एसजीपीसी सदस्य परमजीत सिंह ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

शिअद के हलका इंचार्ज यादविंदर सिंह यादू ने आरोप लगाया कि माहौल खराब करने की कोशिश की गई है और पुलिस को जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने चाहिए।

वहीं, आप नेताओं हरीश गुप्ता, करुण अरोड़ा, राजिंदर सिंह जीत, परमप्रीत सिंह पौंपी और विक्की भाटिया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के निर्देश पर वे मौके पर पहुंचे और पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

वार्ड पार्षद हरदीप नीनू ने बताया कि मोहल्लावासियों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है, जिससे जांच में मदद मिलेगी।

डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि इलाके में बिना वेरिफिकेशन रह रहे लोगों की भी जांच की जाएगी।

यदि किसी मकान मालिक ने बिना पहचान पत्रों के किराएदार रखे हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

#Khanna #AnandNagar #GutkaSahib #BeadbiCase #PunjabNews #CCTVFootage #SGPC #PoliceInvestigation #LawAndOrder #BreakingNews