गोल्डी बराड़ के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

जालंधर ग्रामीण पुलिस की सटीक कार्रवाई, रिश्तेदार ही निकला साजिशकर्ता

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एनआरआई परिवार से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम लेकर ₹2 करोड़ की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स. हरविंदर सिंह विरक के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक (तफ्तीश) विनीत अहलावत, आईपीएस की अगुवाई में गठित टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों से आरोपियों को ट्रेस किया।

मामला 21 मार्च 2026 को सामने आया, जब गांव शंकर निवासी बलजिंदर कौर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 12 जनवरी की रात उनके पति को विदेशी नंबर से कॉल कर ₹2 करोड़ की मांग की गई। कॉलर ने खुद को गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़ा बताते हुए 10 दिन में रकम देने की धमकी दी। बाद में उनके बेटे रणजीत सिंह, जो विदेश में रहते हैं, को भी व्हाट्सएप कॉल के जरिए ₹1.5 करोड़ की मांग कर घर पर गोलीबारी की धमकी दी गई।

जांच में खुलासा हुआ कि साजिश के पीछे परिवार का ही ससुराल पक्ष से रिश्तेदार तीरथ सिंह (निवासी बहादुरपुर, जालंधर) और उसका साथी जशनदीप सिंह उर्फ जशन (निवासी धर्मकोट, जिला शहीद भगत सिंह नगर) शामिल थे। तीरथ सिंह ने परिवार की आर्थिक स्थिति की अंदरूनी जानकारी दी, जबकि जशनदीप ने अंतरराष्ट्रीय e-SIM के जरिए कॉल और मैसेज भेजे।

पुलिस ने मुकदमा नंबर 53 दिनांक 21.03.2026, धारा 308(5), 3(5) बीएनएस के तहत थाना सदर नकोदर में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

#Jalandhar #PunjabPolice #ExtortionCase #CrimeNews #BreakingNews #NRIThreat #LawAndOrder #PunjabUpdates