जालंधर में खौफ का माहौल: फायरिंग के बाद स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में एक ही दिन दो फायरिंग की घटनाओं से दहला माहौल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ने सनसनी फैला दी है। होली से ठीक पहले आई इस धमकी ने पुलिस-प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर ला दिया है और अभिभावकों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार जालंधर के एपीजे स्कूल और Police DAV P ublic School समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली है। धमकी भरे मेल में होली वाले दिन “खून की होली” और “खतरनाक होली” खेलने जैसी आपत्तिजनक और डर पैदा करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

इतना ही नहीं, संदेश में ट्रेनों को भी निशाना बनाने का जिक्र किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

ईमेल सामने आते ही पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। संबंधित स्कूलों में तुरंत पुलिस टीमें तैनात की गईं। एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूल परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे कैंपस में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। मेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस आईडी और किस लोकेशन से भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

गौरतलब है कि शहर में एक ही दिन हुई दो फायरिंग की घटनाओं ने पहले ही कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। ऐसे में स्कूलों को मिली बम धमकी ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

#Jalandhar #BombThreat #SchoolSecurity #PunjabPolice #HighAlert #LawAndOrder #PublicSafety #BreakingNews