जालंधर में जिम से लौट रही युवती से छेड़छाड़, धक्का देकर गिराया — पैर फ्रैक्चर, एक आरोपी काबू

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक घटना सामने आई है। गामा फिटनेस जिम से रोजाना की तरह वर्कआउट कर घर लौट रही एक युवती को रास्ते में 3-4 नशे में धुत युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ और धक्का-मुक्की की, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई और उसके पैर में गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। घायल युवती को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और जिम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इलाके के लोगों में घटना को लेकर रोष है और उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते नशे व असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

#Jalandhar #WomenSafety #CrimeNews #PunjabPolice #BreakingNews #MolestationCase