जालंधर में पुलिस की दबंगई! महिला को बालों से घसीटने का वीडियो वायरल, महिला आयोग ने किया तलब; ASI समेत 3 लाइन हाजिर

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर के भार्गव कैंप क्षेत्र में घरेलू विवाद के एक मामले में पुलिस की कथित ज्यादती का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर महिला के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने कड़ा एक्शन लेते हुए ASI प्रवीन कुमार समेत 3 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस झगड़े के मामले में आरोपी रोहित को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने युवक को सोते हुए दबोचा और बिना कपड़ों के ही गली में खींच लाया।

इस दौरान युवक के साथ मारपीट की गई। जब उसकी मां ममता बीच-बचाव के लिए आगे आईं तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें बालों से पकड़कर घर से बाहर घसीट दिया और गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

मामले ने तूल पकड़ते ही पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से निष्पक्ष जांच रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने 24 मार्च 2026 को संबंधित अधिकारियों को चंडीगढ़ कार्यालय में दस्तावेजों सहित पेश होने के निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद इलाके में रोष फैल गया। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के नेतृत्व में धरना भी लगाया गया।

पीड़ित महिला ममता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गालियां दीं, थप्पड़ मारे और जबरन उनके बेटों को उठाने की कोशिश की। उन्होंने अपनी बहू पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के दबाव में पुलिस कार्रवाई कर रही थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

#Jalandhar #PunjabPolice #PoliceAction #WomenSafety #BhargavCamp #CCTVViral #PunjabNews #BreakingNews #MahilaAayog #JusticeForWomen